आधार कार्ड खो जाने पर न हों परेशान: घर बैठे नया कार्ड बनवा सकते हैं, यहां जानें इसकी पूरी प्रक्रिया।

नई दिल्ली | आधार कार्ड हमारे देश में एक आवश्यक दस्तावेज़ है। अगर आपका आधार कार्ड गुम हो गया है या खराब हो गया है तो आप घर बैठे आसानी से नया आधार कार्ड मंगवा सकते हैं। इसके अलावा, आप PVC आधार कार्ड भी मंगवा सकते हैं।
पॉलिविनाइल क्लोराइड कार्ड्स को PVC कार्ड के नाम से जाना जाता है। यह एक प्रकार का प्लास्टिक कार्ड होता है, जिस पर आधार कार्ड की जानकारी प्रिंट की जाती है। हम आपको बता रहे हैं कि आप कैसे PVC आधार कार्ड मंगवा सकते हैं।

PVC कार्ड के लिए देना होता है सिर्फ 50 रुपए का शुल्क
नया PVC कार्ड बनवाने के लिए 50 रुपए का फीस देनी होगी। इस कार्ड में सिक्योर QR कोड, होलोग्राम, माइक्रो टेक्स्ट, और कार्ड जारी करने और प्रिंट करने की तारीख जैसी अनूठी जानकारियां होती हैं। यह कार्ड न केवल आपकी पहचान को दर्शाता है, बल्कि एक रंगीन और आकर्षक चिह्नित परिचय भी प्रदान करता है।
अगर आप ऑनलाइन को झंझट मानते हैं और नहीं बनवाना चाहते हैं तो आप इसे ऑफलाइन भी बनवा सकते हैं। इसके लिए आपको आधार केंद्र जाना होगा। वहां जाकर आप आसानी से अपना नया आधार कार्ड बनवा सकते हैं। आधार केंद्र पर भी आपको शुल्क समान ही लगता है, लेकिन अगर आप किसी साइबर कैफ़े जाते हैं तो आपको 150 से 300 रूपये तक खर्चा करना पड़ सकता है।
क्या है ऑनलाइन PVC आधार कार्ड आर्डर करने की प्रक्रिया?
- UIDAI की Official वेबसाइट uidai.gov.in पर जाएं
- ‘My Aadhaar’ सेक्शन में जाकर ‘Order Aadhaar PVC Card’ पर क्लिक करें
- आपका 12 डिजिट का आधार नंबर, 16 डिजिट का वर्चुअल आईडी या 28 डिजिट का आधार एनरोलमेंट आईडी (EID) डालें
- सिक्योरिटी कोड या कैप्चा भरें
- ‘Send OTP’ पर क्लिक करें और OTP प्राप्त करें
- OTP को दिए गए जगह में भरें और सबमिट करें
- आपको आधार PVC कार्ड का प्री-व्यू मिलेगा
- दिए गए पेमेंट ऑप्शन पर क्लिक करें
- 50 रुपए की फीस जमा करें
- पेमेंट पूरा करने के बाद आपके आधार PVC कार्ड का ऑर्डर प्रोसेस पूरा हो जाएगा
- UIDAI 5 दिन के अंदर आधार प्रिंट करके भारतीय डाक को सुपुर्द कर देगा
- डाक विभाग स्पीड पोस्ट के जरिए कार्ड को आपके घर तक पहुंचा देगा